नियमावली

आज का सहयोग कल का सहारा फाउंडेशन

सेवा परमो धर्मः

आज का सहयोग कल का सहारा केयर्स टीम एक सामाजिक एवं जनहितकारी स्वयंसेवी संस्था है, जिसकी स्थापना 15 अगस्त 2026 को आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।

जीवन अनिश्चितताओं से भरा है। आज के समय में परिस्थितियाँ कब बदल जाएँ, कोई नहीं जानता। यदि किसी परिवार के कमाने वाले सदस्य का सड़क दुर्घटना अथवा अन्य कारणों से आकस्मिक निधन हो जाए, तो उस परिवार पर केवल भावनात्मक ही नहीं बल्कि गंभीर आर्थिक संकट भी आ जाता है। ऐसे समय में बच्चों की शिक्षा, माता-पिता का इलाज एवं दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति तक कठिन हो जाती है।

ऐसे समय में कई बार रिश्तेदार भी परिस्थितियों के कारण अधिक समय तक साथ नहीं दे पाते। ऐसी ही परिस्थितियों में ASKS केयर्स टीम, संस्था में पंजीकृत वैधानिक सदस्य के निधन की स्थिति में उसके नॉमिनी या पात्र परिवार के लिए एक मजबूत सहारा बनती है।

संस्था से जुड़ने के लिए कोई भी व्यक्ति स्वेच्छा से समस्त नियम एवं शर्तों से सहमति के उपरांत वेबसाइट www.asksfoundation.com के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करके जुड़ सकते हैं।

ASKS केयर्स टीम वर्तमान में केवल हरियाणा राज्य में कार्य कर रही है।

संस्था से जुड़ने के बाद निर्धारित ₹100 व्यवस्था शुल्क वार्षिक देना अनिवार्य होगा, जो संस्था के खाते में ऑनलाइन लिया जाएगा। यह शुल्क संस्था के संचालन हेतु जमा की तिथि से एक वर्ष तक के लिए मान्य रहेगा।

किसी भी व्यक्ति को बाध्य करके संस्था से नहीं जोड़ा जाता, बल्कि व्यक्ति अपनी स्वेच्छा से संस्था से जुड़ते हैं।

आज का सहयोग कल का सहारा केयर्स टीम का संचालन आज का सहयोग कल का सहारा फाउंडेशन द्वारा किया जाता है।

संस्था का पंजीकरण नंबर – CIN - U88900HR2026NPL149145

ASKS Foundation से जुड़ें

मुख्य नियम (सदस्यों हेतु)

सदस्यता एवं सहयोग

ASKS केयर्स टीम 21 वर्ष से 55 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक के लिए है। चाहे वह दुकानदार हो, किसान हो, निजी कर्मचारी हो, सरकारी कर्मचारी हो या किसी अन्य व्यवसाय से संबंधित कोई भी व्यक्ति, वह रजिस्ट्रेशन करके जुड़ सकता है। टीम से जुड़ने के बाद दिवंगत पंजीकृत वैधानिक सदस्यों के नॉमिनी को संस्था द्वारा अपील किए जाने पर सहयोग राशि भेजना जरूरी होता है।

ASKS केयर्स टीम का प्रथम दिवस से नियम है — जो सहयोग करेगा, उसे ही सहयोग मिलेगा।

नोट: निर्धारित ₹100/- वार्षिक व्यवस्था शुल्क देना अनिवार्य होगा। व्यवस्था शुल्क जमा न होने की स्थिति में किसी भी प्रकार के लाभ का दावा नहीं किया जा सकेगा। लाभ/सहायता राशि हेतु वैधानिक सदस्य होना आवश्यक होगा।

रजिस्ट्रेशन एवं आधिकारिक ग्रुप

ASKS केयर्स टीम से जुड़ने हेतु रजिस्ट्रेशन किया जाना अनिवार्य है तथा वैधानिक सदस्य होना आवश्यक होगा।

ASKS केयर्स टीम का आधिकारिक टेलीग्राम ग्रुप बनाया गया है, जिस पर समय-समय पर सहयोग, नियम एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं प्रदान की जाती रहती हैं।

प्रत्येक सदस्य के लिए टेलीग्राम ग्रुप को सप्ताह में कम से कम एक बार देखना और अपडेट रहना आवश्यक होगा।

नोट: कोई भी इच्छुक व्यक्ति अपने रजिस्ट्रेशन से पूर्व पूरी नियमावली का अध्ययन अवश्य करे।

छः माह का लॉकिंग पीरियड

01 जनवरी 2027 के बाद पंजीकृत सदस्यों का लॉकिंग पीरियड छः माह का तय किया गया है। यहां लॉकिंग पीरियड से तात्पर्य है कि रजिस्ट्रेशन के बाद निर्धारित अवधि पूर्ण करना।

उदाहरण के लिए यदि कोई सदस्य अपना रजिस्ट्रेशन 01 जनवरी को करता है और उसकी मृत्यु 30 जून के बाद होती है, तो ही वह सहयोग के लिए पात्र माना जाएगा। 30 जून से पहले का समय उसका लॉकिंग पीरियड होगा।

नोट: यदि कोई सदस्य सिर्फ रजिस्ट्रेशन कर लेता है और रजिस्ट्रेशन के उपरांत ASKS केयर्स टीम द्वारा शुरू किए गए किसी भी सहयोग में शामिल नहीं होता, यानी प्रथम सहयोग भी नहीं करता, तो उसका लॉकिंग पीरियड रजिस्ट्रेशन तिथि से शुरू नहीं होगा। उसके द्वारा किए गए प्रथम सहयोग से छः माह का लॉकिंग पीरियड माना जाएगा।

सहयोग न करने पर वैधानिकता

यदि किसी व्यक्ति द्वारा सदस्य बनने के बाद सहयोग नहीं किया गया या बीच में किसी का सहयोग नहीं किया गया, तो ऐसी स्थिति में वह वैधानिक सदस्य नहीं होगा। ऐसे सदस्य निम्नलिखित नियमों के तहत अपनी वैधानिकता सक्रिय कर सकेंगे।

A. जो सदस्य किसी कारण से कोई भी सहयोग नहीं कर पाएंगे, उनको हमेशा के लिए निकालने से अच्छा एक अवसर दिया जाएगा। यदि कोई नया रजिस्ट्रेशन करता है, तो नए समय से लॉकिंग पीरियड शुरू होगी।

B. व्यक्तिगत व्यस्तता, पारिवारिक व्यस्तता, समारोह, कार्यक्रम आदि परिस्थितियों में सहयोग छूट जाने की दशा में दावा मान्य नहीं होगा। बाद में सहयोग करने के उपरांत ही सदस्य लाभ के लिए पात्र हो सकेगा।

C. कम से कम 10 लगातार सहयोग करना अनिवार्य होगा। इसके बाद यह देखा जाएगा कि किसी सदस्य ने 90% अवसरों पर, यानी 10 में से कम से कम 09 बार सहयोग किया है, तो 01 सहयोग न कर पाने के कारण उसकी सदस्यता न तो निलंबित होगी और न ही उसे सहयोग से इंकार किया जाएगा। बशर्ते सहयोग न कर पाने का वाजिब एवं संतोषजनक कारण देना होगा।

D. रजिस्ट्रेशन के बाद समस्त सहयोग करना अनिवार्य होगा। यदि कोई सदस्य अपना लॉकिंग पीरियड पूरा कर लेता है और गलती से 90% से कम सहयोग करता है, तो वह अपने छूटे हुए सहयोग के बाद अगले तीन सहयोग तक नियमित सहयोग करने के बाद पुनः वैधानिक सदस्य हो जाएगा। अर्थात सहयोग छूटने की अवस्था में उसे तीन सहयोग का लॉकिंग पीरियड पुनः पूरा करना होगा।

सहयोग एवं ट्रांजेक्शन रसीद अपलोड करना

वर्तमान समय में सहयोग प्राप्त करने हेतु सभी सहयोग करना अनिवार्य है। सदस्य बनने के बाद लॉकिंग पीरियड की अवधि पूर्ण करने के उपरांत समस्त सहयोग करने के बाद वेबसाइट पर जाकर अपनी प्रोफाइल में ट्रांजेक्शन डिटेल्स भरते हुए ट्रांजेक्शन रसीद/स्क्रीनशॉट अपलोड करना भी अनिवार्य होगा।

किसी कारण से ट्रांजेक्शन रसीद/स्क्रीनशॉट अपलोड न होने पर सहयोग राशि की जांच के बाद ही वैधानिक सदस्य माना जाएगा, जिसका अधिकार प्रदेश कोर टीम एवं संस्थापक मंडल के पास होगा।

फर्जी ट्रांजेक्शन रसीद/स्क्रीनशॉट अपलोड करने की स्थिति में सहयोग नहीं किया जाएगा।

बिना सहयोग किए या सहयोग करने के बाद वेबसाइट पर जाकर अपनी प्रोफाइल में ट्रांजेक्शन रसीद/स्क्रीनशॉट अपलोड न करने की स्थिति में सहयोग प्राप्त करने हेतु पात्र नहीं माना जा सकेगा। वैधानिकता की पुष्टि हेतु ट्रांजेक्शन रसीद/स्क्रीनशॉट अपलोड किया जाना अनिवार्य है।

गंभीर बीमारी की स्थिति

गंभीर बीमारी की स्थिति में लॉकिंग पीरियड दो वर्ष का होगा। यदि किसी सदस्य द्वारा रजिस्ट्रेशन करते समय या बाद में किसी गंभीर बीमारी के हो जाने पर अपनी प्रोफाइल में उसे दर्ज/अपडेट नहीं किया जाता है, तो गोपनीयता की श्रेणी में मानते हुए उसका सहयोग किया जाना संभव नहीं होगा।

गंभीर बीमारियों की श्रेणी इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा सूचीबद्ध बीमारियों से मान्य होगी।

ASKS केयर्स टीम से जुड़ते समय बीमारी की जानकारी थी या नहीं थी, यह टीम का विषय नहीं होगा। ऐसे मामलों में मृत्यु के कारण के आधार पर निर्णय लिया जाएगा।

उदाहरण के लिए यदि किसी व्यक्ति को कैंसर या किडनी की गंभीर बीमारी है और वह ASKS केयर्स टीम से जुड़ता है, तो उसके लिए लॉकिंग पीरियड दो वर्ष का होगा। यदि जुड़ने के छह माह बाद बीमारी के कारण उसकी मृत्यु होती है तो वह वैधानिक नहीं होगा। लेकिन यदि उसकी मृत्यु सड़क दुर्घटना के कारण हुई है, तो उसे वैधानिक माना जा सकता है क्योंकि मृत्यु बीमारी के कारण नहीं हुई।

नोट: गंभीर बीमारी से पीड़ित सदस्य की मृत्यु होने पर यदि मृत्यु का कारण कुछ और दर्शाया जाता है तो उसका पुख्ता प्रमाण देना होगा। यदि टीम उस प्रमाण से संतुष्ट होगी तो ही उसे मान्य माना जाएगा, अन्यथा बीमारी ही मृत्यु का कारण माना जाएगा। ऐसे मामलों में अंतिम निर्णय लेने का अधिकार पूरी तरह टीम के पास होगा।

ASKS केयर्स टीम का विवेकाधिकार

ASKS केयर्स टीम सहयोग के आह्वान हेतु अपने स्वविवेक का भी इस्तेमाल करके निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होगी। वैधानिकता या किसी भी प्रकार के मामलों में जहां उचित समझेगी, अपने स्तर से परीक्षण करने के लिए स्वतंत्र होगी।

किसी भी पंजीकृत सदस्य या उसके नॉमिनी/परिवार के सदस्य द्वारा सहयोग प्राप्त करने हेतु कानूनी दावा नहीं किया जाएगा, बल्कि संस्था नैतिक रूप से सहयोग करवाने का प्रयास करेगी।

नोट: तथ्य छुपाकर या बिना पात्रता पूरी किए जुड़ जाने वाले सदस्यों का किसी भी प्रकार का दावा मान्य नहीं होगा।

एक से अधिक नामिनी की स्थिति

ASKS केयर्स टीम दिवंगत सदस्यों के एक से अधिक नॉमिनी होने की स्थिति में सहयोग सुनिश्चित करने हेतु दूसरे नॉमिनी को सहयोग करने के लिए अपने स्वविवेक से हस्तक्षेप करने के लिए स्वतंत्र होगी।

नॉमिनी संबंधी विवाद की स्थिति में प्रदेश कोर टीम परीक्षण के उपरांत निर्णय लेने और सहयोग करवाने हेतु स्वतंत्र होगी।

सुसाइड एवं विवादित मामलों में निर्णय

सुसाइड या किसी विवादित केस अथवा अन्य ऐसे केस जो संज्ञान लेने योग्य हों, उनमें कोर टीम के पास पड़ताल करके वस्तुस्थिति से अवगत होने के बाद निर्णय लेने का अधिकार होगा।

आवश्यकता पड़ने पर वोटिंग या जिला इकाई अथवा सदस्यों की राय भी ली जा सकेगी।

एक से अधिक सदस्यों की मृत्यु होने पर सहयोग का क्रम

एक से अधिक सदस्यों की मृत्यु होने पर उनकी मृत्यु की तिथि के क्रम में ही सहयोग किया जाएगा।

यदि किन्हीं दो या अधिक सदस्यों की मृत्यु एक ही तिथि में होती है तो ऐसी स्थिति में उस सदस्य का सहयोग पहले किया जाएगा जिसका सहयोग करने का प्रतिशत अधिक होगा। उसके बाद अन्य सदस्य का सहयोग किया जाएगा।

विशेष परिस्थितियों जैसे स्थलीय निरीक्षण न हो पाना, तकनीकी कमी आदि मामलों में कोर टीम सहयोग के क्रम का निर्णय अपने विवेकानुसार ले सकेगी।

अनुशासनहीनता एवं संस्था विरोधी गतिविधियां

अनुशासनहीनता, ASKS केयर्स टीम विरोधी गतिविधि या किसी प्रकार की साजिश करने वालों के विरुद्ध ASKS केयर्स टीम को निर्णय लेने का अधिकार होगा।

यदि कोई सदस्य या अन्य व्यक्ति आज का सहयोग कल का सहारा केयर्स टीम के खिलाफ दुष्प्रचार या अफवाह फैलाता है अथवा बिना सबूत या आंकड़े प्रस्तुत किए आरोप लगाता है, तो संस्था उसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगी।

फर्जी रसीद एवं नियमों का उल्लंघन

सहयोग के दौरान कूटरचित/फर्जी रसीद अपलोड करने या नियमों के विपरीत कार्य करने वाले सदस्यों के बारे में कोर टीम निर्णय लेने की अधिकारी होगी।

ऐसे सदस्यों की वैधानिकता समाप्त की जा सकती है और उन्हें सहयोग से भी वंचित किया जा सकता है।

सहयोग सीधे नॉमिनी के बैंक खाते में

संस्था में पंजीकृत सदस्यों द्वारा अपना सहयोग सीधे मृतक सदस्य के नॉमिनी के बैंक खाते में दिया जाता है। अतः आपके द्वारा दिए गए सहयोग के बदले सहयोग प्राप्त करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं होगा।

यह पूरी तरह सदस्यों की मर्जी पर निर्भर रहेगा। टीम द्वारा अपील करने पर सहयोग कम, ज्यादा या नहीं आने की स्थिति में टीम जिम्मेदार नहीं होगी, क्योंकि टीम सिर्फ सहयोग की अपील करती है।

किसी भी प्रकार की देनदारी के लिए किसी सदस्य या नॉमिनी के पास किसी प्रकार की न्यायिक चुनौती देने का अधिकार नहीं होगा।

नोट: किसी भी सदस्य द्वारा पूर्व में किए गए सहयोग के बदले किसी भी प्रकार के लाभ का दावा नहीं किया जाएगा। ASKS केयर्स टीम मदद का मंच है, लाभ का नहीं। डराने या धमकाने वाले सदस्य की सदस्यता समाप्त की जा सकती है।

नियमों के अनुसार सहयोग

कोई भी व्यक्ति नियम एवं शर्तों से सहमत होकर रजिस्ट्रेशन करके सदस्य बन सकता है और सहयोग कर सकता है। सहयोग प्राप्त करने हेतु उपरोक्त नियमों के तहत ही दावेदारी होगी। उपरोक्त नियमों से इतर हटकर न किसी का सहयोग किया जा सकेगा और न ही किसी का सहयोग रोका जा सकेगा।

नोट: भविष्य में ASKS केयर्स टीम द्वारा अपने वैधानिक सदस्यों के लिए विभिन्न प्रकार की कल्याणकारी योजनाएँ क्रियान्वित की जाएँगी, जिनके संबंध में नियम एवं शर्तें समय-समय पर योजनाओं के साथ जारी की जाएँगी।

हेल्पलाइन नंबर

ASKS केयर्स टीम द्वारा पंजीकृत सदस्यों की सुविधा हेतु हेल्पलाइन नंबर – 99963 93607 जारी किया गया है, जिस पर कॉल/व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी का आदान-प्रदान किया जा सकता है।

कोई भी पंजीकृत सदस्य इस नंबर पर कॉल या मैसेज करके सूचना दे या ले सकता है।

अंतिम निर्णय एवं नियमों में संशोधन

आत्महत्या, मर्डर में नॉमिनी के आरोपी होने पर सहयोग प्रदान नहीं किया जाएगा। विशेष परिस्थितियों में अंतिम निर्णय संस्थापक मंडल का मान्य होगा।

भविष्य में जरूरतों को देखते हुए नियमों में कभी भी संशोधन/परिवर्तन करने का अधिकार आज का सहयोग कल का सहारा केयर्स टीम के पास होगा।

संपूर्ण नियमावली का सरलीकरण किया जा रहा है, जो आंशिक संशोधन के साथ वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

किसी भी निर्णय की स्थिति में वेबसाइट पर अपलोड नियमावली की प्रति ही मान्य होगी।

सेवा परमो धर्मः

“आज का सहयोग कल का सहारा”

“सहयोग आपका साथ हमारा”